Ambala Media:"
शहीदी पर्व, जन्मदिवस एवं पुण्य स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित
अम्बाला छावनी, 17 जून। श्री गुरु अर्जुन देव जी के पावन शहीदी पर्व, प्रख्यात समाजसेविका रेणु गोयल के जन्मदिवस तथा स्वर्गीय भवेश सोलंकी की पुण्य स्मृति में सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब, हरगोलाल रोड, अम्बाला छावनी में एक विशाल मेगा रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं, युवाओं और समाजसेवियों ने भाग लेकर मानवता और सेवा का परिचय दिया।
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब के मुख्य प्रबंधक सरदार सरबजीत सिंह जौहर एवं उनकी संस्था तथा मोबाइल रिटेल एसोसिएशन का विशेष योगदान रहा। शिविर में सिविल अस्पताल अम्बाला छावनी की ब्लड बैंक टीम और मिशन अस्पताल अम्बाला सिटी की टीम ने भी पूर्ण समर्पण के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान नवीन भाटिया के सुपुत्र तोशान भाटिया ने पहली बार रक्तदान किया। रक्तदान के बाद उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उनका उत्साह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा।
कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यवस्थाओं में जसप्रीत जस्सी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनके अथक प्रयासों से पूरा आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिमरनजीत, पियूष, हर्ष राठी तथा इमरजेंसी ब्लड डोनेशन ग्रुप की पूरी टीम ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त तीन लोगों को नया जीवन देने में सहायक बन सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान जरूरतमंदों की जान बचाने के साथ-साथ समाज में सेवा, मानवता और भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय टीमों, समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
अंबाला मीडिया
खबरें ही खबरें
WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7vj0uJP218Em6J6Y2I