Ambala Media:"
बाबा श्रीचंद जी महाराज के जन्म दिवस पर 27 सितंबर को होगा भव्य धार्मिक समागम
गुरुद्वारा बेगमपुरा साहिब में सहज पाठ आरंभ, प्रसिद्ध रागी जत्थे व कथा वाचक करेंगे संगत को निहाल
अम्बाला, 1 सितंबर। गुरु नानक देव जी के बड़े साहिबजादे बाबा श्रीचंद जी महाराज के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में अम्बाला शहर के गुरुद्वारा बेगमपुरा साहिब में 27 सितंबर, रविवार को भव्य धार्मिक समागम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध रागी जत्थे एवं कथा वाचक गुरबाणी कीर्तन और धार्मिक विचारों के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
धार्मिक समागम का आयोजन बाबा श्रीचंद जी महाराज वेल्फेयर सोसायटी की ओर से किया जा रहा है।
सोसायटी के प्रवक्ता गगनजोत सिंह बेदी ने बताया कि समागम के संबंध में मंगलवार को गुरुद्वारा बेगमपुरा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का सहज पाठ आरंभ किया गया। सहज पाठ का भोग 27 सितंबर को पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि भोग उपरांत प्रसिद्ध रागी जत्थे गुरबाणी कीर्तन कर संगत को निहाल करेंगे, जबकि कथा वाचक धार्मिक विचारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को गुरु परंपरा और आध्यात्मिक संदेश से जोड़ेंगे। धार्मिक समागम के समापन पर संगत के लिए गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा।
गगनजोत सिंह बेदी ने बताया कि बाबा श्रीचंद जी महाराज का जन्म दिवस प्रत्येक वर्ष बाबा श्रीचंद जी महाराज वेल्फेयर सोसायटी द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धार्मिक समागम में पहुंचने की संभावना है।
अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें