Ambala Media:"
---जिला कार्यालय के दुरुपयोग पर अम्बाला मेयर सख्त — शीर्ष नेतृत्व को भेजा पत्र, अनुशासनहीन कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग
Ambala Media
अंबाला शहर की नगर निगम मेयर शैलजा संदीप सचदेवा ने भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय के दुरुपयोग और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाज़ी करने वाले कुछ कार्यकर्ताओं के व्यवहार को लेकर नाराज़गी जताई है। मेयर ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और संगठन को नुकसान पहुँचाने वाला कदम बताते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को पत्र लिखा है।
मेयर ने यह पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय संगठन मंत्री बी.एल. संतोष, प्रदेश संगठन मंत्री फनेंद्र नाथ शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली को भेजा है।
---पार्टी कार्यालय बना अनुशासनहीनता का केंद्र — मेयर का गंभीर आरोप
पत्र में मेयर शैलजा संदीप सचदेवा ने आरोप लगाया है कि हाल ही में कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला कार्यालय का दुरुपयोग करते हुए कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा और अंबाला शहर की मेयर शैलजा संदीप सचदेवा के खिलाफ बेबुनियाद बातें प्रचारित कीं, जिसका उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी के संगठन को कमजोर करना था।
मेयर के अनुसार —
🔹 दूसरे दलों से भाजपा में आए कुछ लोग केवल सत्ता लाभ लेने के उद्देश्य से संगठन में प्रवेश कर रहे हैं।
🔹 ऐसे लोग पार्टी कार्यालय का उपयोग मूल कार्यकर्ताओं को हाशिये पर धकेलने के लिए कर रहे हैं।
🔹 उनके वक्तव्यों से स्पष्ट है कि भाजपा की नीतियों और विचारधारा से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
--जिला अध्यक्ष की चुप्पी पर भी सवाल
मेयर ने पत्र में लिखा है कि इस तरह की गतिविधियों पर जिला अध्यक्ष की चुप्पी कार्यकर्ताओं में गलत संदेश भेज रही है।
कार्यालय का इस तरह से उपयोग होना यह दर्शाता है कि —
संगठन पर नेतृत्व की पकड़ कमजोर है
कार्यकर्ता मनमानी और गुटबाज़ी पर उतरे हुए हैं
यह स्थिति, मेयर के अनुसार, अंबाला में पार्टी संगठन और राजनीतिक भविष्य दोनों के लिए खतरनाक संकेत है।
---शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगी मेयर
मेयर शैलजा संदीप सचदेवा ने बताया कि जल्द ही वह दिल्ली जाकर पार्टी शीर्ष नेतृत्व से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगी और बताएंगी कि किस प्रकार अंबाला में सुनियोजित तरीके से संगठन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।