Ambala Media:"
कला शिल्पी एवं भावांजलि द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
Ambala Media
अंबाला।
कला एवं साहित्य को समर्पित ‘कला शिल्पी’ एवं ‘भावांजलि’ मंच द्वारा रविवार, 25 जनवरी 2026 को जिला रेड क्रॉस सीनियर सिटीजन डे-केयर सेंटर, अंबाला छावनी के सभाकक्ष में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा के जाने-माने कवियों के साथ-साथ स्थानीय रचनाकारों ने अपनी उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता अंबाला के अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शायर नफ़स अंबालवी ने की, जबकि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पटियाला की जानी-मानी शायरा साहिब-ए-दीवान मधु मधुमन रहीं। विशिष्ट अतिथियों में पटियाला से हरिदत्त हबीब, तेजिंदर अनजाना, अमृतसर से डॉ. अनिशा अंगिरा तथा कुरुक्षेत्र से डॉ. देवेंद्र बीबीपुरिया उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी सशक्त शायरी से कार्यक्रम को एक बुलंद मुकाम प्रदान किया।
‘कला शिल्पी’ मंच के प्रधान ओम बनमाली ने सभी अतिथियों एवं श्रोताओं का स्वागत करते हुए मंच की साहित्यिक गतिविधियों से अवगत कराया। इसके उपरांत मंच के वरिष्ठ सदस्य हंसराज माही की सुरमयी ग़ज़ल से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का कुशल संचालन ‘भावांजलि’ की संस्थापिका एवं प्रतिष्ठित कवयित्री अंजलि ‘सिफ़र’ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर एल्डर्ज़ फोरम के अध्यक्ष एडवोकेट कमलेश गुप्ता ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय कवियों में अर्चित शर्मा, लाभ सिंह, डॉ. किरण जैन, मनीषा नारायण ‘मन’, सवीना सवी, सुरेश लखनपाल, जगमाल, विजय चोपड़ा, बेबाक बोल एस.पी. भाटिया, ओम बनमाली एवं अंजलि ‘सिफ़र’ शामिल रहे।
कवि सम्मेलन में अंबाला की अनेक जानी-मानी हस्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया और मंच की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।