सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश औद्योगिक शक्ति बनने की तरफ बढ़ रहा है। देश को 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के तौर पर स्थापित करने की दिशा में स्वदेशी उत्पादों का नियमित इस्तेमाल करना क्रांतिकारी बदलाव साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य के लिए उपभोक्ताओं से लेकर उद्यमियों, निवेशकों और नीति निर्माताओं को एकजुटता दिखानी होगी, तभी वैश्विक स्तर पर भारत अधिक मजबूत होगा।
रविवार को सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने नयी दिल्ली में भारत मण्डपम में भारत ग्लोबल इंडस्ट्रीज फोरम के तत्वावधान में आयोजित भारत को औद्योगिक हब बनाने के संकल्प पर कॉन्क्लेव में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। अखिल भारतीय सम्पर्क प्रमुख रामलाल, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक आर सुंदरम समेत विशिष्ट गणमान्यों की उपस्थिति में आयोजित कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि आज का भारत बदल रहा है। आज का भारत देश विरोधी ताकतों को सबक सिखाने से लेकर वैश्विक मंच पर किसी भी अवरोध का मजबूती से जवाब देता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए इस बदलाव की ताकत देश की जनता-जनार्दन है।